मोहाली। जिले में भले ही कोरोना संक्रमण के मामले कम आने लगे हैं, लेकिन संक्रमित मरीजों की मौत का सिलसिला नहीं रुक रहा है। डीसी की सख्ती के बाद भी निजी अस्पताल मरीजों की मौतों के आंकड़े देरी से भेज रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को 16 लोगों की मौत की जानकारी प्रशासन की ओर से दी गई। प्रशासन ने बताया कि शनिवार को पांच लोगों की मौत हुई। जबकि 11 लोगों की मौत शुक्रवार को हुई थी और इसकी जानकारी निजी अस्पतालों ने देरी से अगले दिन दी है। वहीं शनिवार को 233 नए संक्रमित सामने आए हैं। इसके साथ ही अब जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 947 हो गई है और अभी 3414 मारज सक्रिय हैं।
जिला प्रशासन ने जिन लोगों की मौत हुई है उनके बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। जो नए संक्रमित सामने आए हैं उनमें डेराबस्सी से 38, ढकोली से 35, लालड़ू से 10, बूथगढ़ से 8, घडुआं से 17, खरड़ से 36, कुराली से 2, बनूड़ से 9, मोहाली से 78 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक 66224 आए हैं और इनमें से 61863 ठीक हो चुके हैं। वहीं, अभी 3414 मरीज सक्रिय हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करें। वहीं, किसी भी तरह की मुश्किल में मेडिकल हेल्पलाइन नंबर 104 पर कॉल करें।
18 से 44 साल के 500 लोगों का हुआ टीकाकरण
जानकारी के मुताबिक शनिवार को 5863 लोगों का पूरे जिले में टीकाकरण हुआ है। इनमें 18 से 44 आयु वर्ग में 500 लोगों का टीकाकरण किया गया है। यह जानकारी कोविन एप पर मुहैया करवाई गई है। इसके अलावा प्रशासन की ओ से लगातार पूरे जिले में टीकाकरण मुहिम चल रही है।