मोहाली। फेज-3बी1 में चुनाव की घोषणा होने से पहले जिस तीस बेड के अर्बन कम्युनिटी हेल्थ सेंटर का उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी ने शुभारंभ किया था उसका निर्माण कार्य अभी तक भी अधूरा है। मंगलवार को सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने सेंटर का दौरा किया। उन्होंने स्टाफ को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
कुछ समय पहले सेहत विभाग ने उक्त प्राइमरी हेल्थ सेंटर का दर्जा बढ़ाकर उसे तीस बेड वाले अर्बन कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के रूप में अपग्रेड किया था। इस मौके सिविल सर्जन ने वहां पर तैनात अधिकारियों से प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि लोगों को अच्छी सेहत देने के लिए उचित बुनियादी ढांचे की जरूरत है। ऐसे में प्रोजेक्ट में प्रयोग हो रही निर्माण सामग्री से कोई भी समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी है कि अस्पताल के प्रवेश व बाहर जाने वाले रास्ते अलग होने चाहिए। ताकि, लोगों को बाद में किसी तरह की दिक्कत न आए। साथ ही वहां पर आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए उचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने साफ किया है कि उक्त अस्पताल में स्टाफ का पूरा प्रबंध किया गया है। इस मौके डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. दलजीत सिंह परदेसी, एसएमओ डॉ. एचएस चीमा, एसडीओ कमलदीप सिंह के अलावा अन्य सेहत अधिकारी मौजूद थे।
इलाके के लोगों के लिए साबित होगा वरदान
सिविल सर्जन ने कहा कि यह कम्युनिटी हेल्थ सेंटर इलाके के लोगों के लिए वरदान साबित होगा। क्योंकि, पहले लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं लेने के लिए फेज-छह स्थित जिला सेहत अस्पताल जाना पड़ता था। इससे लोगों का समय व पैसे दोनों बचेगा। मौके पर मौजूद पंजाब हेल्थ सिस्टम कारपोरेशन के अधिकारियों ने सिविल सर्जन को भरोसा दिया कि सेंटर के निर्माण का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा।