मोहाली। राज्य सरकार की ओर से मेरा घर मेरे नाम योजना के तहत लाल लकीर के अंदर किए गए निर्माण के मालिकों को संपत्ति का मालिकाना हक देने के लिए प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इस स्कीम के तहत ग्रामीण एरिया में ड्रोन के जरिये जमीन की मैपिंग की जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर कोई खामी न रह जाए। गांव खासपुर सब तहसील बनूड़ जिला मोहाली में ड्रोन से काम का निरीक्षण करने के लिए डायरेक्टर लैंड रिकॉर्ड्स राजेश त्रिपाठी पहुंचे और उन्होंने यहां पर पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस काम के पूरा होते ही लाल लकीर के अंदर लोगों को संपत्ति के मालिकाना हक दिए जाएंगे। जिससे उन्हें संपत्ति की खरीद-फरोख्त करना और रिकॉर्ड की संभाल करनी आसान हो जाएगी। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव केएपी सिंह लगातार इस प्रोजेक्ट की निगरानी कर रहे हैं। उनकी ओर से इस प्रोजेक्ट को लागू करने के लिए अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं। साथ ही लंबित काम को तय समय में पूरा करने के लिए कहा है। इस अवसर पर तहसीलदार मोहाली कर्मजीत सिंह और नायब तहसीलदार बनूड़ कुलविंदर सिंह भी मौजूद थे।