जीरकपुर। अमृतसर जैसे हादसे से सबल लेने के बाद रेलवे ने रिहायशी इलाकों में रेलवे ट्रैक को सुरक्षित बनाने और लोगों को इससे नजदीक आने से रोकने के लिए सुरक्षा दीवार बनाने का फैसला किया है। इसी कड़ी में बलटाना के हरमिलापनगर फेस वन में ट्रैक दोनों तरफ सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जा रहा है। इस सुरक्षा दीवार के निर्माण को लेकर लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे इस क्षेत्र में अपनी जमीन की पैमाइश के बिना ही उनके क्षेत्र में दीवार का निर्माण कर रही है। लोगों की माने तो दीवार के निर्माण से इस क्षेत्र की 2 सड़कें बंद हो जाएगी और एक सड़क बहुत ज्यादा संकरी हो जाएगी। इसके विरोध में सोमवार को जहां दीवार का निर्माण किया जा रहा है, वहां पर सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, इस मामले को राजनीति भी गर्म हो गई है। इस संबंध में डेराबसी से विधायक एन.के शर्मा व मोहाली जिला प्रधान दीपिन्द्र ढिल्लों लोगों के पक्ष में आ गए हैं। दोनों ही नेताओं ने कहा कि लोगों के साथ किसी भी प्रकार की धक्केशाही नहीं होने दी जाएगी।
लोगों का कहना है कि रेलवे को अपनी जमीन पर दीवार बनाने का अधिकार है, लेकिन लोग इस जमीन का गलत इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं और वहां ट्रैक के नजदीक ग्रीनरी विकसित की गई है। इस खाली जगह का इस्तेमाल लोग आवाजाही के लिए नहीं करते हैं, इससे सड़क भी कुछ चौड़ी है जिससे दो गाड़ियां पास हो सके। इसके बावजूद रेलवे की ओर से यहां हरमिलाप नगर जाने वाली रोड के पास सुरक्षा दीवार बनाई जा रही है। वहीं निर्माण कर रहे ठेकेदार के मुताबिक उपनगरीय और गैर-उपनगरीय दोनों क्षेत्रों में रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ इस दीवार को बनाया जाएगा। ठेकेदार के अनुसार इस दीवार की मदद से रेलवे ट्रैक के नजदीक कचड़ा डालने से भी लोगों को रोका जा सकेगा, जिससे ट्रेन की स्पीड बढ़ने की उम्मीद है।
ट्रैक की सुरक्षा बढ़ाने के लिए रेलवे का प्रयास
एक रेलवे अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि यह सुरक्षा दीवार से आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों के साथ ही साथ जानवरों को भी रेलवे ट्रैक के पास आने से रोकेगी। इस दीवार की ऊंचाई इतनी अधिक होगी कि ट्रैक पर कचड़ा डालना आसान नहीं होगा। उन्होंने बताया कि रेलवे सुरक्षा आयोग ने भी यह निर्धारित किया है कि 160 किमी प्रति घंटे की ट्रेन गति के लिए सुरक्षा मंजूरी प्राप्त करने के लिए रेलवे ट्रैक को फेंसिंग या दीवार से सुरक्षित बनाने की आवश्यकता है।
सुरक्षा दीवार को लेकर राजनीति गरम
इस मामले को लेकर क्षेत्र की राजनीति भी गर्म हो गई है। इस संबंध में डेराबसी से विधायक एन के शर्मा व मोहाली जिला प्रधान दीपिन्द्र ढिल्लों भी लोगों द्वारा दीवार न बनने देने के पक्ष में आ गए हैं। दोनों ही नेताओं ने कहा कि लोगों के साथ किसी भी प्रकार की धक्केशाही नहीं होने दी जाएगी। इस मौके पर दीपेंन्द्र ढिल्लों और फिर बाद में विधायक एन के शर्मा ने रेवेन्यू डिपार्टमेंट के नायब तहसीलदार परमजीत सिंह व रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया है कि रेलवे की जमीन की पैमाइश के बिना किसी भी तरह का निर्माण न किया जाए। जिसके लिए अब 11 नवंबर की तारीख निर्धारित की गई है।
फोटो संख्या 900 से 902 तक.......................