डेराबस्सी। गांव अमलाला के पास घग्गर नदी में दिन-रात चल रही रेत की अवैध खनन ने अब जन आंदोलन का रूप ले लिया है। आज हलका कांग्रेस इंचार्ज दीपिंदर सिंह ढिल्लों की अगुवाई में इलाके के आधा दर्जन गांवों के सैकड़ों लोगों ने एकत्र होकर खनन माफिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। रोष प्रदर्शन के दौरान गुस्से में आए लोगों ने रेत से भरे टिपरों को रोककर वहीं धरना लगा दिया और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
धरने को संबोधित करते हुए दीपिंदर सिंह ढिल्लों ने सीधे तौर पर मौजूदा आप विधायक कुलजीत सिंह रंधावा पर निशाना साधा। उन्होंने दोष लगाया कि हलके में मिट्टी और रेत की अवैध खनन पूरी तरह विधायक की शह पर चल रही है और प्रशासन सब कुछ जानते हुए भी मूक दर्शक बना हुआ है। इस मौके पर गांव अमलाला, चडियाला, कारकोर, बरोली और बहोड़ा के निवासियों ने बताया कि खनन के भारी टिपरों के कारण घग्गर नदी पर कार सेवा वाले बाबाओं द्वारा बनाया गया पुल बुरी तरह खस्ताहाल हो चुका है। लोगों का कहना है कि अगर यह खनन न रुका तो इलाके का संपर्क टूट सकता है और कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
कार्रवाई नहीं हुई तो संघर्ष तेज होगा
लोगों ने सरकार और प्रशासन को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि अगर तुरंत प्रभाव से यह अवैध खनन बंद न की गई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो आने वाले दिनों में संघर्ष को और तीखा किया जाएगा और चक्का जाम जैसे सख्त कदम उठाए जाएंगे।इस बारे में संपर्क करने पर एसडीएम अमित गुप्ता ने कहा कि माइनिंग विभाग से रिपोर्ट लेकर कुछ कहा जा सकता है।