पंचकूला। नूंह में हुई हिंसा को लेकर कंज्यूमर्स एसोसिएशन ने सेक्टर-1 डीसी ऑफिस के सामने आगजनी की घटनाओं को लेकर चिंता जताई। इस दौरान पंचकूला एसडीएम ममता शर्मा को कंज्यूमर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने ज्ञापन दिया। कंज्यूमर्स एसोसिएशन के प्रधान एनसी राणा ने कहा कि जिस तरह से मेवात क्षेत्र में एक समुदाय ने एक धर्म की शोभायात्रा पर पथराव और आगजनी की है। यह बहुत ही निंदनीय है। कंज्यूमर्स एसोसिएशन के शिष्टमंडल में महासचिव वीके शर्मा, उपप्रधान राकेश कपूर, सचिव रोशन खंडूजा भी उपस्थित रहे। हिंदू महासभा और अन्य संस्थाओं ने भी एक विस्तृत ज्ञापन उपायुक्त की अनुपस्थिति में एसडीएम ममता शर्मा को सौंपा। जागृत ब्राह्मण सभा के आजीवन सदस्य वीके शर्मा ने इस घटना को अति गंभीर और शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि इससे ऐसा लगता है कि आज के हिंदुस्तान में हिंदू सुरक्षित नहीं हैं। हिंदू महासभा के मुख्य पदाधिकारी शैलेष शर्मा ने इस शोभायात्रा में हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि हम फिर इसी श्रावण माह में इसी क्षेत्र में धर्म शोभायात्रा निकालेंगे।