मोहाली। एयरपोर्ट रोड पर स्थित सेक्टर-74/ए में स्थित एक हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले लोग बरसाती पानी घरों में घुसने से परेशान थे। कई बार बिल्डर को कहने पर भी हल न होने पर उन्होंने बुधवार को टैंकर में गंदा पानी ले जाकर गंदा पानी दफ्तर में गिरा दिया। इससे दफ्तर में पड़ा सामान खराब हो गया। इसके बाद सोसायटीवासियों ने बिल्डर के खिलाफ बलौंगी पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
सोसायटी में रहने वाले विनित अहूजा, मनीष गुप्ता, पुषिपंदर, परवेश गुप्ता, बबिता डोगरा, संदीप कौर, वंदना वर्मा और विधि राजपूत ने बताया कि बिल्डर को मुंहमांगे पैसे देकर उन्होंने यहां जमीन खरीद करके घर बनाया। जब से मॉनसून का सीजन शुरू हुआ है तब से कई फुट तक पानी गलियों में भर जाता है। इसके बाद यही पानी उनके घरों में भरने की वजह से अंदर पड़ा सामान खराब हो रहा है। इस मामले को लेकर कालोनाइजर को शिकायत दी परन्तु उनकी शिकायत पर कॉलोनाइजर ने कोई ध्यान नहीं दिया। इससे आहत होकर उन्होंने ऐसा किया। इस सारे मामले में एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।