दस हजार रुपये प्रति गज तक बढ़ोतरी, 23 अक्तूबर से लागू होंगे नए रेट
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। शहर में घर खरीदना अब पहले से महंगा हो जाएगा। जिला प्रशासन ने मोहाली में संपत्तियों के कलेक्टर रेट बढ़ा दिए हैं, जो 23 अक्तूबर से लागू होंगे।
प्रशासन ने यह फैसला मौजूदा बाजार दरों के अनुरूप दरें तय करने के लिए लिया है। इससे अब रजिस्ट्री कराने वालों की जेब पर ज्यादा बोझ पड़ेगा।
पिछली बार दरें 16 सितंबर 2024 को बढ़ाई गई थीं। लगभग एक साल बाद यह लगातार चौथी बढ़ोतरी है। इस बार आवासीय संपत्तियों के लिए 20 से 22 प्रतिशत, जबकि औद्योगिक संपत्तियों में 30 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। व्यावसायिक संपत्तियों के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
मोहाली नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में 5 से 33 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है।
उदाहरण के तौर पर, शहर में एक कनाल का घर खरीदने पर अब करीब 22 लाख का स्टांप शुल्क देना होगा, जो पहले ₹18 लाख था।
नई दरों की विस्तृत सूची जिला प्रशासन की वेबसाइट www.sasnagar.nic.in पर उपलब्ध होगी।
डीसी बोलीं- रेट्स बनाए यथार्थवादी
डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने बताया कि हितधारकों से चर्चा के बाद दरों को युक्तिसंगत बनाया गया है ताकि संपत्ति लेन-देन में वास्तविक बाजार मूल्य झलके और रजिस्ट्री प्रक्रिया सरल हो।
रीयल एस्टेट कारोबारियों ने जताई नाराजगी
मोहाली प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स एसोसिएशन (एमपीसीए) के पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र आनंद ने कहा कि यह रेट बढ़ाने का सही समय नहीं है। अभी रियल एस्टेट बाजार स्थिर है और ऐसे में बढ़ोतरी से खरीदारों पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।
इन इलाकों में ऐसे बढ़े रेट
क्षेत्र
पुराना रेट (प्रतिगज) नया रेट (प्रतिगज)
सेक्टर 48, 48सी, 53–57, फेज 3ए, 3बी1, 3बी2, 4, 5, 7, 9–11, 66–71, 76–80, 85–91, एयरोसिटी 45,000
55,000
सेक्टर 92–104 30,000
36,000
इंडस्ट्रियल एरिया फेज 1–9, सेक्टर 66ए, 82 (1000 गज तक)
23,000
30,000
इंडस्ट्रियल एरिया (1000 गज से ऊपर)
20,000
26,000