हैंडबॉल में हुनर से रोजगार तक का सफर तय करा रहे राकेश शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। राकेश कुमार शर्मा खेल प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। वह मोहाली स्थित पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मुख्य कोच के रूप में कार्यरत हैं। फेज-3बी1 स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस के हैंडबॉल सेंटर में उनके मार्गदर्शन में करीब 110 लड़के और लड़कियां प्रशिक्षण ले रहे हैं। राकेश शर्मा भारतीय वायुसेना, सर्विसेज और भारतीय हैंडबॉल टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। उनके अनुभव और अनुशासन से खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ फिटनेस, खेल भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिल रही है। उनके मार्गदर्शन में तैयार आठ लड़कों और एक लड़की को विभिन्न विभागों में खेल कोटे से नौकरी मिली है। उनके लिए कोचिंग नई प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें देश का प्रतिनिधित्व करने के योग्य बनाने का माध्यम है।