सीएम साहब, बिजली ठीक करवा गर्मी से राहत दो...
क्रासर - फेज 7 की रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी के जनरल सचिव ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र,
ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से लो वोल्टेज सप्लाई का मुद्दा भी पत्र में उठाया
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। सीएम साहब... फेज-7 की बिजली ठीक करके हमें गर्मी से राहत दिलाइए। जी हां, बीट बाक्स को समय की बार्बादी बताते हुए वीआईपी सिटी के फेज-7 में लो वोलटेज का मामला मुख्यमंत्री तक पहुंच गया है। यहां की रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर इस समस्या को उठाया है। साथ ही पावरकॉम के सीएमडी और मोहाली के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर को भी यह पत्र भेजा गया है। इस पत्र में भीषण गर्मी में लो वोलटेज के कारण लोगों की परेशानी का बयां किया गया है।
फेज 7 की सोसायटी के जरनल सचिव प्रभदीप सिंह बोपाराय ने मुख्यमंत्री पंजाब को पत्र लिखा है। जिसमें बिजली ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण लो वोलटेज की समस्या को उठाया गया है। कहा गया है कि कोठी नंबर 806 से 969 तक को सप्लाई देने वाला ट्रांसफार्मर ओवरलोड है, जिस कारण पिछले कई दिनों से लो वोल्टेज सप्लाई आ रही है। जिससे घरेलू उपकरण नहीं चल पा रहे। बोपाराय ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखने के कारण का भी पत्र में ही खुलासा किया है। उन्होंने लिखा है कि बीट बाक्स का शिकायत नंबर अक्सर व्यस्त रहता है। पहले तो शिकायत लिखाने में बहुत समय लगता है फिर ठीक होने में उससे भी ज्यादा। इसका कारण भी पत्र में लिखा गया है। बीट बाक्स के समय की बर्बादी बन जाने का कारण इलाके के लिहाज से कर्मचारियों की कमी को बताया गया है। मुख्यमंत्री से लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए लो वोल्टेज की समस्या का हल करने की मांग की गई है। पत्र की कापी पावरकॉम के सीएमडी व मोहाली के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर को भी भेजी गई है।