जीरकपुर में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान’ का किया गया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। नगर परिषद ने भारतीय प्रदूषण नियंत्रण संघ (आईपीसीए) के साथ मिलकर ऋषि अपार्टमेंट्स में स्वच्छता ही सेवा के नारे और एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान की थीम पर सफाई अभियान चलाया। नगर परिषद जीरकपुर के कार्यकारी अधिकारी परविंदर सिंह भट्टी के मार्गदर्शन में हाउसिंग सोसाइटी के निवासियों, युवा समूहों और सफाई कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दाैरान प्लास्टिक, कागज, धातु और अन्य घरेलू व सार्वजनिक कचरे से भरी दो ट्रालियां एकत्रित की गईं। उनको प्रमाणित कर रिसाइकिलिंग केंद्रों को सौंपा गया। आईपीसीए की महाप्रबंधक डॉ. रीना चड्ढा ने कचरा प्रबंधन के लिए प्रतिभागियों को प्रेरित किया और कर्मचारियों की चुनौतियों और सुरक्षा उपायों पर चर्चा की। स्वच्छ भारत मिशन के प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर सुखविंदर सिंह देओल ने स्वयंसेवकों को दस्ताने, मास्क और स्वच्छता किट वितरित किए। उनके योगदान की सराहना की और शहर को अधिक स्वच्छ, अधिक टिकाऊ और हरित बनाने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियान आयोजित करने के अपने दृष्टिकोण को साझा किया। इस सफल पहल ने यह दर्शाया कि सामूहिक प्रयास और जिम्मेदारी की भावना से स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण स्थापित किया जा सकता है। आईपीसीए से शुभम, हरप्रीत, आंचल और अन्य सदस्य, ब्रांड एंबेसडर शिवानी, एडीसी कार्यालय से गुरजीत और जैस्मीन, नगर परिषद से सेनेटरी इंस्पेक्टर मनोज कुमार और स्वच्छ भारत मिशन की टीम उपस्थित थी।