नयागांव में पटियाला की राव नदी के किनारे लगा गंदगी का ढेर।
- फोटो : MOHALI
नयागांव। सीएम पंजाब के पड़ोसी नयागांव के लोग गंदगी से परेशान हैं। जगह-जगह कूडे़ के ढेर शहर की सुंदरता को ग्रहण लगा रहे हैं। लोगों के बुलाने पर अमर उजाला की टीम ने ग्राउंड पर जाकर देखा तो मुख्य द्वार अशोका इंटरप्राइजेज से लेकर खुड्डा अली शेर, शिव मंदिर सब्जी मंडी रोड, नगर काउंसिल सरकारी हाई स्कूल, नाडा रोड काउंसिल से सौ मीटर के दायरे समेत पीजीआई के बैक साइड जनता कालोनी स्थित पटियाला की राव नदी पर कूडे़ के अंबार लगे पड़े हैं।
कूडे़ के ढेर से वातावरण प्रदूषित होने के कारण लोगों को मुंह ढक कर गुजरना पड़ता है। प्रदूषित वातावरण से स्कूल जाने वाले बच्चे बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। लोगों का आरोप है कि काउंसिल की अनदेखी के कारण पिछले कुछ महीनों से कचरा निपटान की स्थिति खराब होती जा रही है। हालांकि इस संबंध में लोगों द्वारा दर्खास्त भी डाली गई है। नयागांव सीएम आवास के बगल में स्थित है, लेकिन इसके बाद भी न तो काउंसिल अधिकारी और न तो सफाई कर्मचारी ठीक ढंग से काम कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि स्वच्छता अभियान के तहत प्रशासन द्वारा बनाई एक भी योजना अभी तक नयागांव में नहीं दिखाई दी। यहां काउंसिल को एक डंपिंग जोन भी बनाना चाहिए।
लोगों की नगर काउंसिल अधिकारियों से मांग है कि नयागांव में निर्धारित स्थानों पर डस्टबिन रखे जाएं। लोगों को इसके बारे में जागरूक किया जाए, ताकि वे कूडे़ कचरे को बीच सड़कों पर गिराकर गंदगी न फैलाएं। साथ ही सफाई के प्रति नोटिस बोर्ड लगाकर कूडे़दान में कूड़ा न गिराने वालों से सख्ती से जुर्माना लें।
नयागांव निवासी कमल कुमार किशोर ने बताया पिछले तीन-चार महीनों से सफाई व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गई है। इस बारे में उन्होंने कई बार नगर काउंसिल में शिकायत दी, लेकिन जिम्मेदारों को इससे कोई फर्क पड़ता नहीं दिखाई दे रहा।
इस सबंध में नयागांव नगर काउंसिल के सेनेटरी इंस्पेक्टर विरेंद्र सिंह का कहना है कि हमारी तरफ से हर एक जगह पर अच्छे से कूड़ा कचरा उठाकर रोजाना सफाई करवाई जाती है, लेकिन लोग ही रोड किनारे या फिर खाली प्लाट्स में घरों का कूड़ा फेंक जाते हैं। लोगों द्वारा ऐसा करने से हमारे लिए भी परेशानी खड़ी हो जाती है। इसके लिए लोगों को भी सबसे पहले खुद जागरूक होने की जरूरत है।
नगर काउंसिल नयागांव के ईओ जगजीत सिंह ने लोगों के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि लालडू में एक प्रोसेसिंग प्लांट है और रोज का कूड़ा वहीं ले जाया जाता है। इसके बाद अमर उजाला की टीम ने जब नयागांव में विभिन्न जगहों पर निरीक्षण किया तो जनता कालोनी स्थित पटियाला की राव नदी पर सारी पोल खुलती नजर आई। वहां कूडे़ के अंबार से बदबू के कारण लोग बड़ी ही मुश्किलों से मुंह बंद कर गुजरते दिखाई दिए। डंपिंग जोन न होने के चलते ईओ से पूछा गया कि इस अभाव में विभिन्न जगहों पर कूडा़ कचरा गिराने के बजाय अगर डंपिंग जोन बना दिया जाए तो लोगों को भी काफी राहत मिल सकती है, परंतु इस बारे वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।