जीरकपुर। गांव छत में दो गुटों में झड़प में एक युवक पर गंडासी और तलवारों से हमला किया गया है। इस हमले में एक गुट की गाड़ियों के शीशे भी तोड़े गए। यह वारदात बुधवार देर रात की है। हमले की वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे ढकोली अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल युवक की पहचान हाशिम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उसे गली में दौड़ाकर पीटा और उसका मोटरसाइकिल भी तोड़ दिया।
हमले के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घायल हाशिम का कहना है कि वह मैकेनिक है और बुधवार देर रात वह किसी ग्राहक की कार लेकर चंडीगढ़ जा रहा था। गांव छत के सरकारी स्कूल के नजदीक पहुंचा तो छत गांव के ही कुछ लोगों ने उसे बुलाया। हाशिम उनकी बात सुनने के लिए रूका तो उनमें से एक युवक ने कहा कि उसने उसकी जानकार एक लड़की के बारे में अपशब्द कहे हैं, इसके बाद उसे गाड़ी से नीचे उतारकर पीटना शुरू कर दिया। वह जान बचाकर भागा तो हमलावर गंडासी व तलवारें लेकर उसके पीछे भागे। रास्ते में उसे घेरकर बुरी तरह पीटा। जब उसके परिवार वाले बचाने आए तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटा। हमलावरों ने उसकी कार तोड़ दी। हाशिम की मां का आरोप है कि गांव के 7-8 लोगों ने उसके बेटे के साथ मारपीट की है। उसके बेटे को फंसाने के लिए अपने हथियार बेटे की कार में रख दिए। इसकी शिकायत पुलिस को दे दी है।