मोहाली/जीरकपुर। निकाय चुनावों के लिए नामांकन के दूसरे दिन कुल तीन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें एक नामांकन नगर परिषद जीरकपुर और दो नामांकन नगर परिषद खरड़ में दाखिल हुए हैं।
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी कोमल मित्तल ने बताया कि नगर परिषद जीरकपुर के वार्ड-22 से एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र जमा करवाया, जबकि नगर परिषद खरड़ के वार्ड-22 से दो उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 मई निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 19 मई तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। जिले में 26 मई को मतदान कराया जाएगा। जिला चुनाव अधिकारी के अनुसार कुल 195 वार्डों के लिए चुनाव होने हैं।
इनमें नगर निगम मोहाली के अलावा नगर परिषद खरड़, कुराली, नयागांव, डेराबस्सी, जीरकपुर, लालड़ू और बनूड़ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम मोहाली के वार्ड-1 से 25 तक के नामांकन पुडा भवन में हो रहे हैं। वार्ड-26 से 50 तक के नामांकन एसडीएम कार्यालय मोहाली में जमा करवाए जा रहे हैं। इसी तरह नगर परिषद खरड़ और डेराबस्सी के नामांकन संबंधित एसडीएम कोर्ट रूम में लिए जा रहे हैं।
नगर परिषद बनूड़ के लिए मार्केट कमेटी चेयरमैन कार्यालय/कमरा को नामांकन केंद्र बनाया गया है।