मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड सफाई कर्मचारी यूनियन (सीटू) की बैठक हरकेश राणा, महासचिव सीटू मोहाली की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बरनाला में अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पंजाब सरकार द्वारा किए गए लाठीचार्ज और कथित मारपीट की कड़ी निंदा की गई। यूनियन नेताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष कर रहे कर्मचारियों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की आवाज दबाने के बजाय उनकी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की। बैठक में यूनियन अध्यक्ष विनोद कुमार, गुरविंदर सिंह, लक्ष्मी और महासंघ के अध्यक्ष तारा सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।