मोहाली। सेंट सोल्जर इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल में प्ले ग्रुप से दूसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों का वार्षिक समारोह ग्लोबल ग्रूव्स उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इसमें नन्हे विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों की संस्कृति, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। समारोह में आईआरएस अधिकारी अतुल हांडा और जीनिया हांडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्कूल के अध्यक्ष करनदीप सिंह बराड़ और प्रिंसिपल अंजलि शर्मा भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को दुनिया की सैर करवाई। हवाई, इंडोनेशिया, वेनेजुएला, जापान, स्पेन, क्यूबा, अरब और दक्षिण कोरिया के नृत्य व संगीत की झलक देखने को मिली। इसके बाद भारतीय संस्कृति के कश्मीरी, दक्षिण भारतीय, गुजराती और बंगाली नृत्य प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का समापन ‘पंजाब दा भंगड़ा’ और विभिन्न देशों की पारंपरिक वेशभूषा को दर्शाते ‘फैशन पासपोर्ट अराउंड द वर्ल्ड’ के साथ हुआ।