सेक्टर-62 के विकास भवन में आयोजित किया गया कार्यक्रम, विपक्षियाें पर साधा निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को पंजाब के अलग-अलग जिलों के 801 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही उनकी सरकार में दी गई कुल भर्तियों की संख्या 71,777 हो गई है। सेक्टर-62 के विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में मान ने कहा कि सभी नियुक्तियां पूरी तरह मेरिट के आधार पर, बिना किसी कैश या सिफारिश के की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के समय में सरकारी नौकरियां बिकती थीं। उनकी सरकार ने बिना एक रुपये की रिश्वत के पारदर्शी भर्ती सुनिश्चित की है। उन्होंने विपक्ष को भर्ती में भ्रष्टाचार की एक भी मिसाल दिखाने की चुनौती दी। मान ने घोषणा की कि अगले सप्ताह 600 और युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलेंगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस कार्यक्रम की झलकियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों के कारण पंजाब आज प्राथमिक शिक्षा में देशभर में नंबर एक पर है। सरकार का उद्देश्य हर घर में रोजगार और खुशहाली लाकर पंजाब को फिर से ''रंगला पंजाब'' बनाना है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई दी और ईमानदारी से सेवा करने का आह्वान किया। नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद मान ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने विपक्ष पर ठोस मुद्दे के अभाव में दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। मान ने नेताओं को भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित करने या राजनीति छोड़ने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार के विकास और जनकल्याण के कार्यों को सहन नहीं कर पा रहा है। अकाली दल और कांग्रेस पर निजी हितों की राजनीति से पंजाब को आर्थिक और सामाजिक बदहाली की ओर धकेलने का आरोप लगाया।