मोहाली। छाती में दर्द की शिकायत को सामान्य परेशानी समझकर इलाज कराने पहुंचे बिहार के 25 वर्षीय युवक की जांच में फेफड़े की एक दुर्लभ बीमारी सामने आई। फेज-6 स्थित एम्स मोहाली के डॉक्टरों ने युवक के बाएं फेफड़े में बड़ी हाइडेटिड सिस्ट (परजीवी संक्रमण से बनने वाली गांठ) की पहचान की। इसके बाद जनरल सर्जरी विभाग की विशेषज्ञ टीम ने चुनौतीपूर्ण ओपन चेस्ट सर्जरी कर सिस्ट को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। विभाग में इस तरह की बीमारी का यह पहला सफल ऑपरेशन बताया जा रहा है। सर्जरी के बाद मरीज की हालत में सुधार हुआ और उसे स्वस्थ स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार, बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी बिक्कू कुमार (25) को छाती के बाईं ओर लगातार दर्द की शिकायत थी। उपचार के लिए एम्स मोहाली पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसकी विस्तृत जांच की। इस दौरान बाएं फेफड़े में एक बड़ा असामान्य घाव दिखाई दिया। आगे की जांच में हाइडेटिड सिस्ट की आशंका सामने आने के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन का फैसला लिया। ओपन चेस्ट सर्जरी के दौरान सावधानीपूर्वक पूरी सिस्ट निकाल दी गई। बाद में बायोप्सी रिपोर्ट ने भी हाइडेटिड सिस्ट होने की पुष्टि की। इस जटिल ऑपरेशन को जनरल सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक पाहूजा और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. साहिल हीर ने अंजाम दिया। सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. रवनीत और डॉ. अमन ने सहयोग किया, जबकि ऑपरेशन के बाद मरीज की देखभाल में आईसीयू टीम की अहम भूमिका रही। डॉक्टरों के मुताबिक, हाइडेटिड सिस्ट परजीवी संक्रमण से होने वाली बीमारी है, जो मुख्य रूप से लिवर और फेफड़ों को प्रभावित करती है। फेफड़ों में इसके विकसित होने पर छाती में दर्द, खांसी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। समय पर पहचान और उचित उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। एम्स मोहाली में हुआ यह सफल ऑपरेशन संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यहां जनरल सर्जरी विभाग ओपन सर्जरी के साथ एडवांस्ड लैप्रोस्कोपिक और मिनिमली इनवेसिव सर्जरी की सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है।