नयागांव। थाना पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी के मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन आरोपियों की पहचान नयागांव के नाडा गांव निवासी जगतार सिंह उर्फ गोगी, शिवालिक विहार, नयागांव निवासी सुखजीत सिंह और हरियाणा के जींद निवासी प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। अभी तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को पिछले साल एक अगस्त को शिकायत दी थी कि उन्होंने आरोपियों के साथ नयागांव के गांव करोरा में एक प्लॉट का सौदा किया था। बयाने के रूप में पांच लाख रुपये दिए गए। हालांकि आरोपियों ने न तो प्लाॅट की रजिस्ट्री करवाई और न ही उनकी रकम को वापस किया। इस मामले की जांच डीएसपी सिटी-1 और डीएसपी आर्थिक अपराध और साइबर अपराध की ओर से की गई। इसके बाद मामला दर्ज करने के आदेश जारी हुए थे।