मोहाली। कनाडा भेजने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 71 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी टीडीआई सिटी सेक्टर-111 निवासी नितनेम सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। लांडरां निवासी मनिंदर सिंह ने पुलिस को शिकायत में बताया कि आरोपी नितनेम सिंह उसके भाई सुखराज सिंह से सेक्टर-99 में किराए पर एक बूथ लेने के दौरान मिला था, जिससे उनकी पहचान हुई।
मार्च 2024 में जब मनिंदर सिंह और उसकी पत्नी हरप्रीत कौर सेक्टर-88 में स्थित अपने निर्माणाधीन घर में थे, तब नितनेम सिंह उनके पास आया और उन्हें बताया कि वह कनाडा भेजने का काम करता है। उसने कहा कि यदि वे चाहें, तो वह उन्हें और उनके बेटे को 85 लाख रुपये में कनाडा भेज सकता है।
उस पर भरोसा कर मनिंदर सिंह ने 71 लाख रुपये में सौदा तय किया और अप्रैल 2024 में पहले 20 लाख रुपये उसकी कंपनी के खाते में जमा कर दिए। इसके बाद, मई 2024 में नितनेम सिंह ने 10 लाख रुपये लौटाए और कहा कि फिलहाल काम बंद है। फिर, सितंबर 2024 में उसने कनाडा के कागजों का काम शुरू होने की बात कही, जिसके बाद मनिंदर ने 28, 23 और 10 लाख रुपये और दिए।