मोहाली। मोहाली की एक अदालत ने प्रतिबंधित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े उस लोगों के खिलाफ आरोप तय किए हैं। इन पर आतंकी भर्ती, ड्रोन के जरिये हथियारों की सीमा पार तस्करी करने और हथियारों व नशीले पदार्थों के बड़े जखीरे की बरामदगी से जुड़े मामले में आरोप हैं। एडिशनल डिस्ट्रिक्ट और सेशंस जज हरदीप सिंह ने शकील अहमद उर्फ लाडी गुज्जर, लवप्रीत सिंह उर्फ लाबू, सरूप सिंह उर्फ रूप उर्फ घुला, सहजप्रीत सिंह उर्फ निरवैर सिंह उर्फ सनी, अमरजीत सिंह उर्फ निक्का, करणवीर सिंह उर्फ राजा, विशालदीप सिंह, शरणजीत सिंह उर्फ सनी, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और सुखविंदर सिंह उर्फ सुख के खिलाफ आरोप तय किए। आरोपियों पर अनलॉफुल एक्टिविटीज (प्रिवेंशन) एक्ट (यूएपीए), आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
आतंकी मॉड्यूल और विदेशी हैंडलर
अभियोजन पक्ष के अनुसार, पुलिस को गोपनीय जानकारी मिली थी कि शकील अहमद उर्फ लाडी गुज्जर ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक आतंकी मॉड्यूल बनाया था। इस मॉड्यूल को विदेश में मौजूद हैंडलर से मदद मिल रही थी। इन हैंडलर में हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासियन (यूएसए), निशान सिंह (यूके) और पाकिस्तान में मौजूद बब्बर खालसा इंटरनेशनल के ऑपरेटिव हरविंदर सिंह उर्फ रिंडा शामिल थे। ये हैंडलर कथित तौर पर पाकिस्तान की आईएसआई के साथ मिलकर काम कर रहे थे। जांच में आरोप लगाया गया कि विदेश में मौजूद हैंडलर बीकेआई में युवाओं की भर्ती कर रहे थे। वे धन का इंतजाम कर रहे थे और पंजाब व देश के दूसरे हिस्सों में आतंकी गतिविधियां करने के लिए ड्रोन के जरिये पंजाब में उन्नत हथियारों की तस्करी कर रहे थे।
ये हथियार किए बरामद
पुलिस ने शकील अहमद को बालोंगी ड्रेन पुल के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक .30 बोर की पिस्टल, पांच कारतूस और एक 9 एमएम की पिस्टल, पांच कारतूस बरामद किए गए। 27 अक्तूबर, 2023 को पुलिस ने सह-आरोपी लवप्रीत सिंह उर्फ लाबू और सरूप सिंह उर्फ रूप उर्फ घुला को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान, एक इंपोर्टेड 9 एमएम पिस्टल, 10 कारतूस, .30 बोर के 60 कारतूस और तीन बीकेआई लेटरहेड बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी करणवीर सिंह उर्फ राजा के घर से एक इंपोर्टेड .30 बोर की पिस्टल, .30 बोर के 10 कारतूस और .32 बोर के 55 कारतूस भी बरामद किए। 3 जनवरी, 2024 को करणवीर सिंह उर्फ राजा और विशालदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दावा किया कि करणवीर सिंह के पास से दो .32 बोर की पिस्टल, छह कारतूस और अलादीन नाम का एक डेबिट कार्ड मिला है। विशालदीप सिंह के पास से एक .32 बोर की पिस्टल और दो कारतूस मिले हैं। 10 जनवरी, 2024 को पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी सैनी मसीह और सुखविंदर सिंह उर्फ सुख उप्पल के खुलासे के आधार पर 320 ग्राम हेरोइन बरामद की। अब आरोप तय होने के बाद अदालत में मुकदमा चलेगा।