मोहाली। सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव हो गया है। अब कार्यालय सुबह नौ से शाम पांच बजे तक खुलेंगे जबकि पहले कार्यालय का समय साढ़े सात बजे से दो बजे तक था। वहीं, सरकारी अस्पताल पहले की तरह सुबह आठ से दो बजे तक खुलेंगे। सिविल सर्जन डाॅ. महेश कुमार आहूजा ने बताया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन अस्पतालों में जिला अस्पताल मोहाली, उप-मंडल अस्पताल खरड़ और डेराबस्सी और जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-केंद्र, आम आदमी क्लिनिक, ईएसआई हॉस्पिटल आदि शामिल हैं जिनका समय पहले की तरह सुबह आठ बजे से दो बजे तक रहेगा। अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे जारी रहेंगी। उल्लेखनीय है कि सरकारी अस्पतालों का ग्रीष्मकालीन समय (15 अप्रैल से 15 अक्तूबर) सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक है जबकि सर्दियों का समय (15 अक्तूबर से 15 अप्रैल) सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक है जबकि कार्यालयों का समय सुबह नौ से शाम पांच बजे तक है। पंजाब सरकार ने गर्मी के मौसम के कारण दो मई से 15 जुलाई तक कार्यालय समय को सुबह साढ़े सात से दो बजे तक बदल दिया था।