डेराबस्सी। शिरोमणि अकाली दल के डेराबस्सी से विधायक एनके शर्मा ने कांग्रेस पार्टी पर जाली वोट बनाने और मतदाताओं को गुमराह करने के लिए बूथों की अदला-बदली करने का आरोप लगाया है। इस संबंधी उन्होंने शनिवार को डेराबस्सी के एसडीएम कुलदीप बावा को लिखित शिकायत दी है। इसमें उन्होंने पुराने बूथों पर ही मतदान करवाने की मांग उठाई है।
एसडीएम-कम-रिटर्निंग अफसर को दी शिकायत में विधायक ने बताया कि जहां मतदाताओं की संख्या अधिक है वहां बूथ होने चाहिएं। परंतु यहां इसके विपरीत है। गांव देवीनगर में 1200 मतदाता हैं, जिनके लिए दो किलोमीटर दूर शक्ति नगर कॉलोनी में बूथ बनाया गया है। गांव रामगढ़ भुड्ढा के 1200 मतदाताओं के लिए दो किलोमीटर दूर गांव छत्त में बूथ बनाया है। इसके अलावा गांव डहर में 40 साल से पोलिंग बूथ बनता आ रहा है, जिसे इस बार आलमगीर में बनाया गया है।
एनके शर्मा ने बताया कि जीरकपुर के वार्ड-22 के मतदाताओं का नाम दो किलोमीटर दूर गांव लोहगढ़ में शामिल किया गया है। इसके साथ ही डेराबस्सी नगर परिषद वार्ड-9 में 167 वोटर कार्ड ऐसे हैं, जिनमें न तो एपिक नंबर और न मकान नंबर हैं। प्रशासन की तरफ से ऐसे एक हजार वोटर कार्ड बनाए गए हैं, जिनका डेराबस्सी और जीरकपुर से कोई लेना-देना नहीं है। एसडीएम कम रिटर्निंग अफसर कुलदीप बावा ने बूथों की समस्या को जल्द हल करने का भरोसा दिलाया है।