खरड़। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घड़आं में शिक्षा प्राप्त कर रहे बिहार राज्य के छात्र ने आज सुबह पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना घड़आं के एसएचओ कैलाश बहादुर ने बताया कि मृतक की पहचान राजन कुमार पुत्र रजेश कुमार निवासी हुसैनाबाद बिहार के रूप में हुई है। वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घड़ुआं में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में पहले साल का विद्यार्थी था और यूनिवर्सिटी के होस्टल के कमरा नंबर 212 में यूनिवर्सिटी के पांच विद्यार्थियों समेत रह रहा था।
यूनिविर्सिटी के अन्य छात्रों के अनुसार राजन ने आज सुबह कहा कि वह क्लास में नहीं जाएगा क्योंकि आज आधा दिन ही क्लास लगनी थी। इसके बाद अन्य सभी विद्यार्थी क्लास लगाने चले गए। एक विद्यार्थी क्लास लगाकर जब साढ़े 11 बजे कमरे में आया तो बार-बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद भी उसने दरवाजा नहीं खोला जिस पर उसने शोर मचाकर वार्डन को बुलाया। जब कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो उसकी लाश पंखे से लटक रही थी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे मे लेकर सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। यूनिवर्सिटी ने मृतक के परिवार को सूचना भेज दी गई है। शुक्रवार को मृतक के परिजनों के आने के बाद ही पुलिस अगली कार्रवाई करेगी।