मोहाली। बॉलीवुड अभिनेत्री एवं हिमाचल के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी देशभर में शुक्रवार को रिलीज हुई है। इस फिल्म में दिखाए गए कुछ दृश्यों के खिलाफ कई गुरुद्वारा कमेटियों ने कई स्थानों पर रोष प्रदर्शन किया और कंगना रनौत के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इस दौरान फेज-8 के मोहाली वॉक मॉल के बाहर पर सेक्टर-62 के गुरुद्वारा श्री अंब साहिब और सेक्टर-44 के गुरुद्वारा श्री बाग शहीदां की कमेटी के सदस्यों ने फिल्म को रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। दोनों गुरुद्वारों के प्रधानों राजेंद्र सिंह तोहरा और सुखविंदर सिंह ने बताया कि इस फिल्म में सिख कौम की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। इस फिल्म से लोगों को सिखों के प्रति गलत संदेश जाता है। दुनिया में कहीं भी कोई आपदा होती है तो सिख कौम पीड़ितों के साथ हमेशा खड़ी रहती है। यह कौम लंगर के रूप में, गुरुद्वारों में रहने के लिए स्थान जैसी मदद से पीड़ितों का हमेशा साथ देती है।
उन्होंने इस फिल्म से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप भी लगाया। इसमें सिखों के बलिदान और योगदान को नजरअंदाज किया गया है। साथ ही सिखों की भावनाओं का सम्मान करते हुए पंजाब में इस फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री अंब साहिब से भाई राजेंद्र सिंह तोहरा, जगतार सिंह, चरणजीत सिंह, जगदीप सिंह, जगराल सिंह, सरबजीत सिंह और गुरुद्वारा श्री बाग शहीदां से सुखविंदर सिंह, राम सिंह, सुखदेव सिंह, अर्शदीप सिंह, विक्रमजीत सिंह, सतिंदरपाल सिंह शामिल हुए।