डेराबस्सी। गांव मोरठीकरी स्थित अमरावती कॉलोनी में सैर कर रही एक महिला की चेन झपटकर दो युवक फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान गुरसेवक सिंह, अंकित दोनों वासी गांव रामगढ़ जिला पंचकूला के रूप में हुई है।पुलिस को दी शिकायत में पूजा वर्मा पत्नी मनोज कुमार हाल वासी डेराबस्सी और स्थायी निवासी सेक्टर-25, पंचकूला ने बताया कि वह अपनी बेटी काशवी वर्मा के साथ अमरावती कॉलोनी मोरठीकरी में शाम को टहलने गई थीं। जब वापस घर आ रही थी तो कच्ची सड़क पर दो युवक बैठे हुए थे। इनमें से एक उनके पास आया और तुरंत सोने की चेन झपटने के बाद दोनों मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। उन्होंने पुलिस स्टेशन मुबारिकपुर में शिकायत दी।
अब उन्हें अखबारों और फेसबुक से पता चला कि पुलिस चौकी रामगढ़, थाना चंडीमंदिर जिला पंचकूला में कुछ झपटमार पकड़े गए हैं तो उन्होंने वहां जाकर आरोपियों की पहचान की। ये वहीं दो युवक थे जिन्होंने उनकी चेन झपटी थी। दोनों आरोपी हरियाणा की अंबाला जेल में बंद हैं। उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर रिमांड पर लेकर जल्द ही डेराबस्सी अदालत में पेश किया जाएगा, ताकि उनसे उक्त मामले के संबंध में पूछताछ की जा सके।