मोहाली। शहर में दिन प्रतिदिन लूट की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। इन वारदातों को रोकने में पुलिस पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। सेक्टर-68 में पिछले 15 दिनों से झपटमारों ने लोगों की नाक में दम कर रखा है। लगातार झपटमार सेक्टर-68 में वारदातों के लिए महिलाओं को शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक ओर मामला सोमवार की सामने आया है। अपने घर से स्कूटी पर शाम करीब 4.50 बजे मार्केट में सामान लेने निकली मोनिका नामक महिला की चलती स्कूटी के साथ दो झपटमारों ने अपनी बाइक साथ लगा ली। बाइक साथ लगाते ही उन्होंने महिला की चेन झपट ली और स्कूटी को धक्का मारकर मौके से फरार हो गए, लेकिन इसी दौरान उनके हाथ से झपटी गई चेन नीचे गिर गई। वहीं, महिला स्कूटी से गिर घायल हो गई और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। काफी समय के बाद पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, लेकिन बाइक सवार झपटमारों की बाइक का नंबर सही ढंग से नहीं दिख रहा है। इसलिए अंदाजा लगाया जा रहा है कि शायद झपटमार पुलिस के हाथ न चढ़ सकें। हादसे के दौरान महिला ने चिल्लाते हुए अपने बचाव का पूरा प्रयास किया, लेकिन स्कूटी को संभाल नहीं पाई। सेक्टर की व्यस्त रोड पर हुई इस वारदात के बाद मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। हादसे के बाद सेक्टर के लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि सेक्टर में लगातार झपटमारी की वारदातें हो रही हैं और पुलिस कुछ नहीं कर रही है।