जीरकपुर। बलटाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बार फिर स्नैचिंग की वारदात ने लोगों में दहशत फैला दी। गोविंद विहार स्थित मकान नंबर-95 के रहने वाले 72 वर्षीय सत्य नारायण जिंदल से अज्ञात झपटमारों ने सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना सुबह करीब 6.35 बजे की है, जब जिंदल पास की सैनी डेयरी पर दूध लेकर घर लौट रहे थे।
पीडि़त के अनुसार, उनकी 21 ग्राम वजनी सोने की चेन थी। बताया कि घर से थोड़ी दूरी पर एक युवक उनके पीछे आया और अचानक गले से चेन झपटकर भाग गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बलटाना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पीडि़त के बयान दर्ज किए। चौकी इंचार्ज हरजिंदर सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल कर ली गई है। फुटेज में एक आरोपी का चेहरा साफ नजर आ रहा है, जिसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।