मोहाली। चंडीगढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज, सीजीसी लांडरां को ‘स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2025 – सॉफ्टवेयर एडिशन के ग्रैंड फिनाले के लिए नोडल सेंटर के रूप में चुना गया है। शिक्षा मंत्रालय इनोवेशन सेल, एआईसीटीई और पार्टनर संगठनों द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 8-9 दिसंबर को होगी। पंजाब के केवल तीन संस्थानों में सीईसी–सीजीसी का चयन होना उसके शैक्षणिक व नवाचार स्तर को दर्शाता है। कॉलेज लगातार सातवें वर्ष इस प्रतिष्ठित हैकाथॉन की मेजबानी कर रहा है। इस बार सीईसी 25 टीमों के 200 से अधिक प्रतिभागियों और मेंटर्स की मेजबानी करेगा, जो 36 घंटे लगातार कोडिंग करते हुए पंजाब सरकार के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा दिए गए प्रॉब्लम स्टेटमेंट्स पर काम करेंगे। कैंपस डायरेक्टर डॉ. राजदीप सिंह ने इसे संस्थान की नवाचार व उद्यमशीलता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।