सेक्टर-78 में बने मतगणना केंद्र के बाहर तैनात सुरक्षा कर्मी।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। नगर निगम चुनाव के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच सेक्टर-78 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स व मंडी बोर्ड दफ्तर में रखा गया है। ईवीएम को कोई किसी तरह का नुकसान न पहुंचा पाए, इस संबंधी जिला प्रशासन ने पूरे इंतजाम किए हैं। एक तरफ जहां ईवीएम पर तीसरी आंख (सीसीटीवी कैमरे) से नजर रखी जा रही है, वहीं दोनों जगह 20 से अधिक मुलाजिम पहरा दे रहे हैं।
इसके अलावा पुलिस की पीसीआर टीम भी गश्त कर रही है। किसी को भी स्ट्रांग रूम के पास जाने की अनुमति नहीं है। डीसी गिरीश दियालन व एसएसपी सतिंदर सिंह खुद स्ट्रांग रूम की सुरक्षा का जायजा जे चुके हैं। बता दें कि मतगणना 17 फरवरी को निश्चित की गई है।
जानकारी के मुताबिक नगर निगम के 50 वार्डों के लिए रविवार को मतदान हुआ था। इस दौरान एक से 25 तक के वार्डों की ईवीएम सेक्टर-78 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स व 26 से 50 वार्ड की ईवीएम मंडी बोर्ड भवन में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। पुलिस ने ईवीएम की सुरक्षा का कड़ा प्रबंध किया है।
प्रशासन ने साफ किया है कि मतगणना वाले दिन मतदान केंद्र के अंदर केवल उन्हीं लोगों को जाने दिया जाएगा, जिनके पास आईकार्ड आदि होंगे। मतगणना के दौरान किसी भी तरह की स्थिति तनावपूर्ण न बने। इससे निपटने के इंतजाम भी पूरे किए गए हैं। जिक्रयोग है कि शहर में चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने संबंधी जिम्मेदारी जिला पुलिस पर है। क्योंकि पुलिस ने हाईकोर्ट में हलफनामा दिया था कि उनकी तरफ से चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से करवाने के सारे इंतजाम किए गए हैं। अदालत में 18 तारीख को जिला पुलिस स्टेटस रिपोर्ट जमा करवाएगी।