खरड़। खरड़ के नजदीकी गांव सकरूलांपुर में एक घर से अज्ञात चोरों ने एक लाख 15 हजार रुपये की नकदी समेत 6 तोले सोने के गहने चोरी कर लिए। घर के मालिक सुरजीत सिंह ने बताया कि घर के सभी सदस्य किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे और घर को ताला लगा हुआ था। सुरजीत सिंह ने बताया कि जब वह अपने काम से लौटकर शाम के समय घर पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि अज्ञात चोरों ने घर के सभी कमरों की तलाशी ली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि घर से एक लाख 15 हजार रुपये की नकदी और छह तोले सोने के गहने चोरी कर लिए हैं। इस संबंधी घडुआं पुलिस ने सुरजीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 380 और 454 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।