खरड़। घड़ूंआं में लाइब्रेरी निर्माण के लिए हो रही खुदाई के दौरान मिले चांदी के सिक्कों की चोरी के आरोप में पुलिस ने दो दुकानदारों पर मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई नगर पंचायत घड़ूंआं के कार्यकारी अधिकारी की शिकायत पर हुई है। पुलिस ने लवली, वार्ड नंबर 3 और कपिल देव भंडारी, वार्ड नंबर 3, घड़ूंआं के खिलाफ इंडियन ट्रेजर ट्रोव एक्ट, 1878 की धारा 20 तथा धारा 303 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। खुदाई 24 अगस्त को शुरू हुई थी और 25 अगस्त को सिक्के मिले थे। नगर पंचायत ने इन सिक्कों को सरकारी संपत्ति बताया है। शिकायत में दुकानों द्वारा सिक्कों की खरीद-फरोख्त का आरोप है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दस्तावेज, वीडियो और तस्वीरें जांच का हिस्सा हैं। पुलिस अब सिक्कों की संख्या और उनकी वास्तविक स्थिति का पता लगा रही है।