मोहाली। शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज होने के बाद अब शिअद प्रवक्ता हरचरण सिंह बैंस पर भी थाना फेज-एक में केस दर्ज किया गया है। उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत रूप से घोषित आदेशों की अवज्ञा) और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 126 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई निर्वाचन आयोग के आदेश पर की गई है। जानकारी के मुताबिक आम आदमी पार्टी (आप) की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया है कि हरचरण सिंह बैंस ने एक पंजाबी न्यूज चैनल पर पार्टी के झंडे पकड़कर अपनी पार्टी के लिए प्रचार किया था और एक प्रेस कांफ्रेंस भी की थी। ब्यूरो