जीरकपुर। नगर परिषद जीरकपुर में कार्यरत रामगोपाल पर हमला करने और गाड़ी तोड़ने के मामले में जीरकपुर थाना पुलिस ने चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वारदात के आसपास वाले क्षेत्र से सीसीटीवी की फुटेज खंगाली है। पुलिस हमलावरों की कार को ट्रेस कर रही है। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान उनकी गाड़ी की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी थी, जिस कारण नंबर ट्रेस नहीं हो पाया था।
पंचकूला सेक्टर-26 के रहने वाले रामगोपाल ने पुलिस को बयान दिया था कि बुधवार शाम पौने सात बजे वह ड्यूटी खत्म कर अपनी कार में पंचकूला अपने घर जा रहा था। उसकी कार का आई-20 कार में आए चार युवक पीछा कर रहे थे। रामगोपाल की कार के-एरिया लाइट पॉइंट से पहले सोही बैंक्विट के पास पहुंची तो आई-20 कार में सवार युवकों ने उसकी कार के आगे गाड़ी लगाकर घेर लिया। कार से चार युवक उतरे। तीन के हाथों में रॉड और एक के हाथ में टकुआ था। हमलावरों ने आते ही कार के शीशे तोड़ दिए और रामगोपाल की बाजू पर रॉड से वार किए।