जीरकपुर। गांव छत के नजदीक पुलिस नाके पर तैनात एएसआई ट्रैफिक बलविंदर सिंह से हाथापाई करने और हवलदार जसविंदर सिंह की वर्दी फाड़ने के आरोप में जीरकपुर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की पहचान सर्बजीत सिंह और सिमरनजीत सिंह निवासी गांव बूटा सिंघवाला थाना बनूड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 353, 186, 332 और 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में शिकायतकर्ता एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि वीरवार को गांव छत के नजदीक लाइट प्वाइंट पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सर्बजीत सिंह और सिमरनजीत सिंह जीरकपुर से बनूड़ की ओर मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिना हेलमेट लगाए ही जा रहे थे। इस पर हवलदार जसविंदर सिंह ने उन्हें रोककर मोटरसाइकिल के कागजात चेक करवाने के लिए कहा तो वह कोई भी कागजात नहीं दिखा पाए। इस पर जब उनका मोटरसाइकिल इम्पाउंड करने की बात कही गई तो उन्होंने मौके से नाका तोड़कर मोटरसाइकिल भगाने की कोशिश की। इस पर ट्रैफिक मुलाजिम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो सर्बजीत सिंह और सिमरनजीत सिंह ने उन्हें गालियां निकाली और हाथापाई कर हवलदार जसविंदर सिंह की वर्दी फाड़ दी। इस पर दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर जीरकपुर थाने ले जाया गया। यहां दोनों के खिलाफ पुलिस की ड्यूटी में विघ्न डालने और वर्दी फाड़ने के आरोप में अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।