गत बुधवार को सीआईडी के सीनियर सुपरिंटेंडेंट कुलविंदर सिंह की हत्या के मामले में मटौर थाना पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान कुलविंदर के दोस्त इकबाल सिंह निवासी धुरी जिला संगरूर और शीतल शर्मा निवासी सेक्टर-23 चंडीगढ़ के रूप में हुई है। सूत्रों से पता चला है कि पुलिस ने आरोपी इकबाल सिंह को काबू कर लिया है। हालांकि इस बारे में अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते रहे। जब इस मामले में एसएसपी कुलदीप सिंह चहल से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि जल्दी ही इस मामले को हल कर लिया जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर-83ए में एयरपोर्ट रोड पर पॉलीथिन में लिपटा हुआ सीआईडी के सीनियर सुपरिंटेंडेंट का शव मिला था। इसके बाद पुलिस ने उनके मोबाइल से लोकेेशन निकाली थी। इसी बीच पुलिस की टीमों ने चंडीगढ़ और अंबाला में दबिश दी थी। पता चला है कि पुलिस ने अंबाला से आरोपी को दबोचा है। हालांकि पुलिस वाले इस मामले पर बोलने से बच रहे हैं और महिला को भी राउंड अप कर लिया है। लेकिन इस बारे में पुुलिस अधिकारी कुछ भी साफ नहीं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के काबू करने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।
बता दें कि सेक्टर-43 निवासी कुलविंदर सिंह मोहाली के सेक्टर-76 में सीआईडी दफ्तर में सीनियर सुपरिंटेंडेंट थे। वह होली के दिन मंगलवार को अपने घर से थोड़ी दूर स्थित केएलसी होटल में एक पार्टी में गए थे। उसके बाद से वह अपने घर नहीं पहुंचे थे। इस पर उनके छोटे भाई हरचरन सिंह ने 10 बजे के करीब फोन किया तो कुलविंदर ने बातचीत में कहा था कि वह जल्द घर आ रहे हैं। फिर दोबारा रात 11.40 बजे फोन किया तो फोन पर संपर्क नहीं हो पाया था। इसके बाद कुलविंदर के परिजनों ने चंड़ीगढ़ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
इसी बीच बुधवार को सेक्टर-83ए के नजदीक एसआर पट्रोल पंप के पास एक राहगीर ने सर्विस रोड पर पॉलीथिन में लिपटा एक व्यक्ति का शव देखा। इसके बाद उसने 100 नंबर पर सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला था कि यह शव कुलविंदर सिंह का है।