मोहाली। सोहाना थाने की पुलिस ने सॉफ्टवेयर बदलने या अपडेट करने के बहाने लोगों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर छह लोगों के खिलाफ केस दज किया है। यह आरोपी सेक्टर-67 स्थित आईटी सिटी से कॉल सेंटर चला रहे थे। इन आरोपियों की पहचान रोहन, आराधना, साहिल, विक्की, बॉबी, मनु समेत अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों पर आईपीसी की धारा 420, 406 और 120-बी के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गुजरात निवासी रोहन और अन्य उक्त आरोपियों ने मिलकर एक कॉल सेंटर खोला हुआ है। जहां से वह लोगों को सॉफ्टवेयर अपडेट करने या अन्य बहाने से फोन करते हैं। लोगों को किसी तरह से भी अपने जाल में फंसा लेते हैं। वह लोेगों से इस तरह से बात करते हैं कि कहीं आपके खाते से कोई पैसे न उड़ा ले इसलिए आपके मोबाइल पर सॉफ्टवेयर अपडेड करना है। इसके बाद लोग इनके झांसे में आ जाते हैं और उनके खाते आदि की डिटेल और पासवर्ड लेकर उनको ठग लेते हैं। इनमें कई आरोपी आईटी क्षेत्र के विशेषज्ञ हैं। इसलिए यह लोगों को आसानी से अपना शिकार बना लेते हैं।
पुलिस ने बताया कि यह आरोपी केवल देश ही नहीं बल्कि विदेशों में रह लोगों को भी अपना शिकार बनाते हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। वहीं बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुछ आरोपियों को राउंडअप भी किया है। बता दें कि शहर में इस तरह का एक मामला पहले भी सामने आया था। जब इंडस्ट्रियल एरिया से गिरोह चल रहा था और उसके शातिरों को राजस्थान पुलिस ने काबू किया था।