मोहाली। सेक्टर-79 स्थित आजाद ग्रुप के दफ्तर पर रविवार को हमला करने के आरोप में सोहाना थाना पुलिस ने अकाली नेता सुुखविंदर सिंह छिंदी निवासी बल्लोमाजरा समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं इस मामले में छिंदी के अलावा अन्य आरोपियों में जगतार सिंह बिल्ला निवासी छज्जूमाजरा, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी गांव बल्लोमाजरा और बलजिंदर सिंह गोलू निवासी गांव सेहड़ी रूपनगर शामिल हैं।
पुलिस ने उक्त सभी आरोपियों पर घर में घुसकर हमला करने, गलत भाषा का इस्तेमाल करने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और जान से मारने की धमकियां देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्दी ही काबू कर लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक इस मामले में पुलिस को दी शिकयत में पूर्व पार्षद परविंदर सिंह सोहाना ने बताया कि 24 जनवरी को दोपहर करीब एक बजे वह पूर्व मेयर कुलवंत सिंह से मिलने के लिए आजाद ग्रुप के सेक्टर-79 दफ्तर में गए थे। परविंदर के अनुसार करीब सवा एक बजे सुखविदंर सिंह उर्फ छिंदी, हरप्रीत सिंह, जगतार सिंह बिल्ला और बलजिंदर सिंह उर्फ गोलू वहां पर पहुंच गए। वहां पर दफ्तर के बाहर वह हथियार लेकर ललकारने लगे और साथ ही दफ्तर में घुसकर आजाद ग्रुप के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। सोहाना के अनुसार इस मौके पर छिंदी ने उनको जमकर गालियां निकाली और कहा कि साल-2013 में उसे ट्रक यूनियन मोहाली की प्रधानगी से उतारा था और कहा कि तू बड़ा नेता बनकर घूमता है, आज तुझे हम जान से मार देंगे। परविंदर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इस दौरान दफ्तर में मौजूद रोहित शर्मा उर्फ राजू निवासी सोहाना और पूर्व मेयर कुलवंत सिंह उसे बचाने के लिए आए। तो छिंदी ने उसकी दस्तार उतार दी और उसके केस की बेअदबी की। इसके साथ ही चारों आरोपी उसे धमकियां देते हुए उसकी दस्तार (पगड़ी) लेकर वहां से भाग गए।
परविंदर सिंह सोहाना ने कहा कि जब सुुखविदंर सिंह उर्फ छिंदी को ट्रक यूनियन की प्रधानगी से हटाया गया था। उस समय से वह उनके साथ दुश्मनी रखता था। इसी वजह से उसने यह हमले की योजना बनाई थी। वहीं, मीडिया से डीएसपी सिटी-2 कमलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और जल्दी ही सभी आरोपी हमलावर काबू कर लिए जाएंगे।