लालड़ू। घोलूमाजरा गांव के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से सवारियों से भरी वैन बेकाबू होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल मोहम्मद नाजिम की चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कार चालक मौके से भाग गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के इस्सापुर गांव निवासी मोहम्मद नाजिम के रूप में हुई है। वैन चालक और अन्य सवारियों को मामूली चोटें आईं। पुलिस को दिए बयान में छोटू ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने साढ़ू मोहम्मद नाजिम के साथ काम खत्म कर रहे थे। वे गांव मुबारकपुर से अंबाला की ओर सवारियों वाली वैन में बैठकर जा रहे थे। नाजिम चालक के साथ आगे वाली सीट पर बैठा था, जबकि छोटू पीछे था। घोलूमाजरा गांव के पास पीछे से आई एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने लापरवाही से वैन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वैन बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में मोहम्मद नाजिम के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि छोटू के बयान के आधार पर अज्ञात ऑल्टो कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।