मोहाली। मोहाली पुलिस ने एक कार चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी गुरशरणप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चार चोरी की कारें भी बरामद की हैं।
आरोपी गुरशरणप्रीत सिंह को अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह पुरानी कारें चोरी कर उनके पुर्जे बेचता था या पूरी कारें बेच देता था। बरामद कारों में दो वर्ना, एक जेन और एक ऑल्टो शामिल हैं। यह कार्रवाई सेक्टर-69 से चोरी हुई एक वर्ना कार की जांच के दौरान हुई। पुलिस उपाधीक्षक हरसिमरत सिंह बल ने बताया कि अर्शदीप सिंह और गिल नामक दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। रिमांड के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की वारदात का पता लगाया जाएगा।