नयागांव। शिवालिक की पहाड़ियों के बीच बसे गांव टांडा में शनिवार को तेज बारिश से पटियाला की राव नदी में पानी के बहाव के कारण एक बार फिर फॉर्च्यूनर गाड़ी फंस गई। ग्रामीणों ने मशक्कत कर दोनों कार सवारों की जान बचा ली। साथ ही कार को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब छह बजे पिंजौर की तरफ से चंडीगढ़ आ रही एक फॉर्च्यूनर कार गांव टांडा में फंस गई। ग्रामीण कार को फंसा देखकर एकत्रित हो गए। बड़ी मशक्कत के साथ कार सवार दो युवकों को बचा लिया। वहीं पानी का बहाव कम होने के बाद ट्रैक्टर की मदद से ग्रामीणों ने कार को पानी से बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों ने बताया कि इसमें उन्हें करीब दो घंटे का समय लगा।
स्थानीय निवासी सतनाम सिंह का कहना है कि गांव में पानी के बहाव को रोकने के लिए पत्थरों की एक बाड़ लगाई गई है। प्रशासन ने एक व्यक्ति को फायदा पहुंचाने के लिए वह गलत जगह पर लगा दी है। इस कारण इस मानसून में ज्यादा हादसे हुए हैं। प्रशासन से इसकी जांच के लिए भी कई बार मांग की गई लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
इस मानसून में हुईं घटनाएं
6 जुलाई चंडीगढ़ से पिंजौर जा रही टैक्सी बह जाने से सवार दो लोगों की मौत
17 जुलाई बद्दी से पीजीआई ऑपरेशन का सामान देने आ रही थार गाड़ी फंसी
14 अगस्त गांव की पंच सुनीता कौर एवं उसके पति सज्जन सिंह परिवार के दो अन्य सदस्यों के साथ बहे