मोहाली। बलौंगी और खरड़ के इलाकों में लोगों के घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के गहने चोरी करने के आरोप में सदर खरड़ थाना पुलिस एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी के गहने बेचकर खरीदी की गई कार और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी और गहने बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान सुनील कुमार निवासी गली नंबर-5 थाना हैबोवाल, जिला लुधियाना के रूप में हुई है। आरोपी पर चोरी समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में माना कि उसने थाना सिटी खरड़ और बलौंगी एरिया में वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एससपी मोहाली सतिंदर सिंह ने इसके लिए खरड़ पुलिस टीम को बधाई दी है। जानकारी के मुताबिक लंबे समय से खरड़ और बलौंगी के इलाकों में चोरी की वारदातें हो रही थीं। आरोपी अपनी एक्टिवा पर रैकी कर पूरी प्लानिंग से वारदात को अंजाम देता था। आरोपी बंद घरों को ही निशाना बनाता था और पुलिस को उसकी काफी दिनों से तलाश थी। पुलिस ने आरोपी से कार, एक्टिवा और सोने-चांदी के गहने बरामद कर लिए हैं। हालांकि और गहने बरामद होने के आसार हैं।