जीरकपुर। नाभा साहिब के पास घात लगाकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने अपनी कार का नंबर ढककर युवक के स्कूटर को रोक लिया। इसके बाद लोहे की रॉड और तलवार से उसको घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित आकाश शिवा एनक्लेव जीरकपुर का निवासी है। आकाश ने पुलिस को बताया कि वह मोहाली सिटी सेंटर-1 में आकाश हेयर पोर्ट नाम से सैलून चलाता है। 12 नवंबर की रात करीब 8 बजे वह अपना सैलून बंद कर एक्टिवा स्कूटर से घर लौट रहा था। जैसे ही वह नाभा साहिब गुरुद्वारे से थोड़ा आगे ग्रीन लोटस सड़क के पास पहुंचा तो उसी समय एक स्विफ्ट कार ने उसकी एक्टिवा को आगे से रोक लिया। कार का नंबर कपड़े से ढका हुआ था। कार से चार युवक उतरे। दो के हाथ में लोहे की रॉड और एक के हाथ में तलवार थी। उन्होंने बिना किसी बात के हमला कर दिया। एक युवक ने रॉड से उसकी बाजू पर वार किया, दूसरे ने तलवार से उसकी गर्दन पर हमला कर घायल कर दिया, जबकि तीसरे ने सिर पर रॉड मारी, लेकिन हेलमेट होने के कारण बचाव हो गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। पुलिस ने पीड़ित को सिविल अस्पताल ढकोली में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसे पांच गंभीर चोटें आईं है। पुलिस ने आकाश के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।