एटीएम से बाहर आते ही युवक से कार सवार छह हजार रुपये छीनकर फरार
-चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर कोटक महिंद्रा बैंक के एटीएम के बाहर वारदात को दिया अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर सब्जी मंडी के सामने एटीएम से पैसे निकलवा कर बाहर आते ही युवक से एक कार सवार 6 हजार रुपये छीन कर फरार हो गया। इस पर पीड़ित युवक ने तुरंत कार का नंबर नोट करके पुलिस को शिकायत दे दी है, पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित आशीष निवासी डेराबस्सी ने बताया बीती रविवार की रात वह सब्जी मंडी के सामने स्थित कोटक महिंद्रा बैंक की एटीएम मशीन में से छह हजार रुपये निकलवा कर बाहर निकला था। इसी दौरान एक युवक उसके पास आकर खड़ा हो गया और मौका देखते ही आशीष के हाथ से छह हजार रुपये छीनकर सड़क पर स्टार्ट खड़ी हरियाणा नंबर की ऑल्टो कार में बैठकर अंबाला की ओर फरार हो गया।
शिकायतकर्ता आशीष ने बताया कि उसने कार का नंबर नोट करके सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी है। आशीष के मुताबिक कार में पैसे छीनने वाले युवक के अलावा दो युवक पहले से ही सवार थे। वहीं, एक अन्य चोरी के मामले में रविवार की रात गुलाबगढ़ में गली नंबर-9 में एक घर में खड़े ऑटो रिक्शा की बैटरी और उसके साथ वाले घर के बाहर खड़ी एक रेहड़ी भी चोरी हो गई है।