मोहाली। फेज-6 स्थित वेरका मिल्क प्लांट के पास एक तेज रफ्तार कार चालक ने सड़क किनारे खड़े युवक पर कार चढ़ा दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान मुल्लांपुर निवासी अनीश के रूप में हुई है। अनीश के पिता रमेश चंद की शिकायत पर फेज-1 थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को रमेश चंद ने बताया कि वे अपनी बेटी मोनिका से मिलने के लिए मुल्लांपुर से फेज-6 आए थे। रविवार की रात करीब डेढ़ बजे वे बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने अनीश को टक्कर मार दी। कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि सड़क किनारे लोहे के साइन बोर्ड को तोड़कर एक पेड़ में जा टकराई। इससे अनीश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।