खरड़। खरड़-कुराली हाईवे पर बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस दौरान एक कार बस की चपेट में आ गई। इस कारण कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक के सिर पर चोट आई। इसके चलते वह कोमा में चला गया। उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। दूसरी तरफ हादसे को देखते हुए एक स्कूटी सवार युवती क्षतिग्रस्त कार से जा टकराई और वह घायल हो गई। इस दौरान दूसरी तरफ खरड़ से कुराली जा रहा एक कार चालक हादसे को देखते हुए किसी अन्य वाहन से जा टकराया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक खरड़-कुराली हाईवे पर बुधवार शाम एक स्विफ्ट कार के चालक ने अपने घर की तरफ जाने के लिए हाईवे के कट से राइट टर्न लिया। इस दौरान कुराली की तरफ से आ रही पंजाब रोड़वेज चंडीगढ़ डिपो की बस स्विफ्ट कार से जा टकराई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई। वहीं, कार चला रहा युवक अमनजोत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे घटना के बाद तुरंत खरड़ सिविल अस्पताल लाया गया। सिर में चोट लगी होने के चलते उसे पीजीआई रेफर कर दिया। इस हादसे में एक स्कूटी पर आ रही लड़की हादसे को देखकर बदहवास हो गई और उसकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त कार के पिछले हिस्से से टकराई। युवती की पहचान पलक के रूप में हुई है। वह यमुना नगर की रहने वाली है। वहीं यहां पढ़ रही है। उसे भी घायल अस्पताल में खरड़ अस्पताल में लाया गया। जहां से उसे प्राथमिक चिकित्सा के बाद छुट्दी दे गई। इस घटना को देखते हुए दूसरी तरफ एक कार चालक अपने आगे जा रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई जिस कारण उसकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक को मामूली चोटें आई हैं।