जीरकपुर। एक बिजनेसमैन से उसकी ही सोसाइटी में घुसकर मर्सडीज गाड़ी छीनने और उससे मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस मामले में जीरकपुर थाना पुलिस ने बिजनेसमैन की शिकायत पर पटियाला के रहने वाले कार डीलर अशीष जिंदर, अंश बांसल और सात अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह मामला जीरकपुर की सुषमा ज्वाइनेशन सोसाइटी के रहने वाले संजीव कुमार के बयान पर दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि संजीव कुमार और अशीष जिंदल कार डीलर हैं। दोनों की काफी पुरानी जानकारी है। वह एक दूसरे के साथ पहले भी कार खरीदते और बेचते रहे हैं। इस बार 13 दिसंबर 2024 को संजीव कुमार ने नेक्ट जनरेशन कार बाजार जिसके मालिक अशीष जिंदर उर्फ आशू हैं, और जिनका पटियाला में दफ्तर है, से 16 लाख रुपये में मर्सडीज कार का सौदा किया था। संजीव कुमार के अनुसार सौदा करते समय उसने अशीष जिंदल को 12 लाख रुपये कैश और 16 लाख का चेक बतौर सिक्योरिटी दिया था। दोनों में तय हुआ कि जब अशीष जिंदल उसके नाम गाड़ी की रजिस्ट्रेशन करवा देगा तो वह उसे बाकी के 4 लाख देकर अपना 16 लाख का सिक्योरिटी चेक वापस ले लेगा।
वहीं, दूसरी ओर कार बाजार मालिक अशीष जिंदल का आरोप है कि संजीव कुमार ने उन्हें कोई रकम नहीं दी बल्कि वह उसे रकम देकर गाड़ी की रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए कहते रहे लेकिन संजीव कुमार ने रकम नहीं दी और ना ही कार की रजिस्ट्रेशन करवाई। संजीव कुमार का आरोप है कि 27 अगस्त को जब वह अपनी सोसाइटी की बेसमेंट में मर्सडीज कार खड़ी करने लगा तो एक सियाज गाड़ी में आए तीन लोगों ने उसे घेर लिया। मर्सडीज कार की चाबी मांगी। संजीव कुमार से कहा गया कि कार मालिक उसकी सोसाइटी के गेट पर इंतजार कर रहे हैं। जब सभी बाहर जाने लगे तो वहां अशीष जिंदल, अंश बांसल और चार अज्ञात लोग पहुंच गए। उन्होंने उससे हाथापाई की और जब वह पुलिस को फोन करने लगा तो उसका फोन छीन लिया। हमलावरों ने उससे कार की चाबी छीनी और मर्सडीज लेकर मौके से अपनी गाड़ियों में भाग गए। हमलावरों ने जाते समय उसका छीना मोबाइल फोन गेट के सिक्योरिटी गार्ड को दे दिया। आरोपी एक क्रेटा और सियाज गाड़ी में आए थे। उसने उनके नंबर नोट कर लिए हैं।
दोनों पक्षों का कार के पैसों का लेनदेन था। संजीव कुमार कार डीलर अशीष जिंदल को कार की रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए कहता रहा। कार डीलर संजीव कुमार से पैसों की मांंग करता रहा कि वह उसे 16 लाख रूपये दे वह उसके बाद रजिस्ट्रेशन करवाकर देगा। दोनों किसी फैसले पर नहीं पहुंचे तो कार डीलर ने सोसाइटी में आकर संजीव कुमार से कार छीन ली। पुलिस ने डीए लीगल की राय के बाद कार डीलर सहित कुछ अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया है। -सतिंदर सिंह, एसएचओ थाना जीरकपुर