फर्जी दस्तावेजों पर रजिस्ट्री करवाकर फ्लैट्स पर कब्जा, दंपती पर केस दर्ज
जाली दस्तावेज पेश करके लगवाया गया बिजली का मीटर विभाग ने उतारा
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। सेक्टर-100 में फर्जी दस्तावेजों से रजिस्ट्री करवाकर दो फ्लैट्स पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। सोहाना पुलिस ने शिकायत पर जांच पड़ताल करके एसएसपी मोहाली के आदेशों पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान गुरजीत सिंह और उसकी पत्नी मनिंदर कौर वासी फाजिल्का के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता वरुण धाम केएलवी बिल्डर डिवेलपर्स कंपनी में डायरेक्टर और रीयल एस्टेट का काम करता है। उसकी कंपनी का पर्ल्स कंपनी के साथ एक एग्रीमेंट हुआ था। इसके तहत पर्ल्स कंपनी की ओर से प्लॉट खरीदे गए थे, शिकायतकर्ता की कंपनी द्वारा फ्लैट बनाकर बेचे जाने थे। लेकिन किसी कारणवश विवाद हो गया और मामला सुप्रीम कोर्ट जा पहुंचा। कंपनी की ओर से बनाए गए 50 फ्लैट खाली पड़े हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक बंद पड़े फ्लैट में से दो पर गुरजीत सिंह ने परिवार समेत कब्जा कर लिया। इसने बिजली का मीटर भी लगवा लिया। पर जब दस्तावेज जाली पाए गए, तब बिजली विभाग ने मीटर उतार दिया। उक्त आरोपियों ने फ्लैट पर अवैध कब्जा किया और अपने नाम करवाने के लिए फर्जी दस्तावेज पर रजिस्ट्री भी करवा ली। इस पर एसपी ने जांच पड़ताल करके मुकदमा दर्ज करने का फैसला किया है।