मोहाली। डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य विभाग ने ‘हर शुक्रवार, डेंगू पर वार’ अभियान के तहत व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक भवनों और सामुदायिक केंद्रों में मच्छरों के प्रजनन की संभावना वाले स्थलों की गहन जांच की गई।अभियान का नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन और जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अनामिका सोनी ने किया। टीमों में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आशा वर्कर, नर्सिंग कॉलेजों के विद्यार्थी और ग्रामीण स्वास्थ्य सफाई समितियों के सदस्य शामिल थे। इन टीमों ने कूलर, गमले, पानी की टंकियों और अन्य जल-संग्रहण स्थलों में एडीज मच्छर के लारवा की जांच की। डॉ. जैन ने बताया कि यह अभियान पंजाब सरकार की हिदायतों के तहत जिले में हर शुक्रवार को चलाया जा रहा है, जिसमें केवल निरीक्षण ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर चालान भी किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आम लोगों को डेंगू के लक्षणों, बचाव और इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी दी। खासतौर पर यह बताया गया कि डेंगू का मच्छर दिन में काटता है। साफ पानी में ही पनपता है। ऐसे में घरों के आसपास पानी जमा न होने देना ही सबसे बड़ा बचाव है। स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरकारी अस्पतालों में डेंगू की जांच और इलाज पूरी तरह मुफ्त है। किसी भी जानकारी या आपात स्थिति के लिए आम लोग हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क कर सकते हैं।