जीरकपुर। शहर में इन दिनों ट्यूबवेलों से तार चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार की रात भी चोरों ने दो ट्यूबवेलों से बिजली आपूर्ति करने वाली केबल काट दी। इससे क्षेत्र में सुबह पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। 22 दिन में नौ ट्यूबवेलों से तार चोरी होने से हालात बेकाबू हो गए हैं। आमजन को पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। चोर सैनी विहार फेज-2 और सैनी विहार फेज-4 के ट्यूबवेल से केबल काटकर ले गए। इससे पहले चोर कृष्णा एनक्लेव के तीन ट्यूबवेलों से तार काटकर ले गए। यह वारदात कृष्णा एनक्लेव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तीन युवक एक एक्टिवा पर सवार होकर आराम से तारों के बंडल ले ला रहे हैं। इससे साफ है कि चोरों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है।
लगातार हो रही इन चोरियों का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। करीब 40 से 50 हजार की आबादी पूरे दिन पानी के लिए तरस जाती है। इससे पहले भी दयालपुरा, सैनी विहार फेज-3, वार्ड नंबर-13, सैनी विहार फेज-2 और फेज-4 में ट्यूबवेलों से लाखों रुपये के तार चोरी हो चुके हैं। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार यह वारदात सुबह करीब चार बजे के आसपास हुई। सुबह जब लोगों को इसकी जानकारी मिली तो इलाके में पानी को लेकर हाहाकार मच गया। इस मामले में ठेकेदार कुलदीप का कहना है कि घटना की सूचना नगर परिषद के अधिकारियों को दी गई है। जल्द ही अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।